Adverse entry by withholding salary of Electricity Xen
- फोटो : BANDA
बांदा। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद सहित विधायक और अन्य सदस्यों द्वारा अधिशासी अभियंता (विद्युत मंडल) की हठधर्मी पर जताई गई नाराजगी पर डीएम अनुराग पटेल ने अधिशासी अभियंता का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया। साथ ही उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में सांसद आरके सिंह पटेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि निजी नलकूपों के आवेदक किसानों की सूची मांगी गई थी। लेकिन अधिशासी अभियंता ने अब तक जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध नहीं कराई।
सांसद और विधायक ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई। इसी पर डीएम ने कार्रवाई की। उधर, तिंदवारा गांव में लाइनमैन को हटाने की गलत सूचना देने पर भी जनप्रतिनिधियों ने कड़ा रुख अपनाया। जल निगम द्वारा पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कों का पुनर्निर्माण न कराने पर समिति सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए शीघ्र सड़कों के पुनर्निर्माण का निर्देश दिया।
तालाबों में मानव और पशु घाटों में 100 मीटर रिटेलिंग वॉल निर्माण के आदेश दिए। सांसद ने नलकूप अधिशासी अभियंता से नलकूपों के बारे में विवरण पूछा। 15 दिन के अंदर खराब नलकूपों को ठीक कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अधिकारियों को स्ट्रीट लाइट दुरुस्त रखने को कहा।
खेत-तालाब योजना और प्रधानमंत्री आवासों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल सहित ब्लाक प्रमुख सदाशिव भारती, नामित सदस्य संतोष गुप्ता, धर्मेंद्र त्रिपाठी, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, स्वदेश शिवहरे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।