बांदा। गांव की बदहाल सड़कों से बढ़ी पीड़ा से बेहाल प्रसूता का एंबुलेंस में ही प्रसव कराना पड़ा। प्रसूता ने पुत्र को जन्म दिया। आशा की मदद से एंबुलेंस के ईएमटी (इमर्जेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) ने सुरक्षित प्रसव कराया और महिला को अस्पताल लाकर भर्ती कराया है।
सदर तहसील क्षेत्र के बच्ची पुरवा निवासी हरी बाबू की पत्नी भानुमति को सोमवार की सुबह प्रसव पीड़ा हुई। उसे एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल लाया जा रहा था। लेकिन पुरवा की ऊबड़-खाबड़ सड़कों से प्रसव पीड़ा बढ़ने पर रास्ते में एंबुलेंस रोकनी पड़ गई। परिजनों की सहमति के बाद आशा की मदद से ईएमटी देवेंद्र कुमार ने सुरक्षित प्रसव कराया।
जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ बताए गए हैं। दोनों को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 108/102 एंबुलेंस के कार्यक्रम प्रबंधक उमेश द्विवेदी ने बताया कि सराहनीय कार्य पर ईएमटी और पायलट अवधेश कुमार को प्रोत्साहन राशि के रूप में क्रमश: 1100 और 1080 रुपये दिए गए हैं।