खप्टिहा कलां। एसडीएम सुरभि शर्मा ने मंगलवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय (पैलानी) और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण किया। विद्यालय में एमडीएम न मिलने की शिकायत पर कहा कि लापरवाह लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने एमडीएम न मिलने की शिकायत की। बच्चों ने बताया कि सप्ताह में बुधवार को दूध व सोमवार को फल देने की व्यवस्था है। लेकिन दूध व फल नहीं दिया जा रहा है। आरोप लगाया कि एमडीएम कभी-कभार ही बनता है। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि शासन की मंशा के अनुसार एमडीएम, दूध, फल बांटा जाएगा। लापरवाह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। चिकित्साधिकारी डॉ.अनिल कुमार त्रिपाठी अवकाश पर मिले। फार्मासिस्ट रामकृष्ण उपाध्याय से दवाओं की उपलब्धता, उपचार व बेड आदि की जानकारी ली। फाइलों में धूल और परिसर में गंदगी पर नाराजगी जताई।
उधर, महुआ संवाद न्यूज एजेंसी के मुताबिक अतर्रा एसडीएम सौरभ शुक्ला ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। कोविड वार्ड में हो रहा वैक्सीनेशन देखा। लक्ष्य के अनुरूप टीकाकरण न होने पर नाराजगी जताई। स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि कोरोनारोधी टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करें।