बांदा। बड़ोखर बुजुर्ग (गिरवां) गांव के पास सोमवार की शाम सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से बाइक टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि व्यापारियों से वसूली करके वापस लौट रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
कोतवाली नगर क्षेत्र के तिंदवारा गांव निवासी फुत्तू के पुत्र श्याम सुंदर यादव (45) की बाइक सोमवार की शाम बड़ोखर बुजुर्ग (गिरवां) गांव के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अंधेरा होने से उसे कोई देख नहीं सका और काफी देर तक सड़क पर पड़ा तड़पता रहा। वहां से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर पड़ गई और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उसके बैग में मिले कुछ परचे के आधार पर पुलिस ने व्यापारी को घटना की जानकारी दी और शिनाख्त कराई। परिजन भी मौके पर आ गए। मृतक के भाई रज्जू यादव ने बताया कि श्याम सुंदर महेश्वरी देवी के पास स्थित एक कपड़ा व्यापारी की दुकान में काम करता था। व्यापारियों से वसूली करके बाइक से वापस दुकान जा रहा था। मृतक का पुत्र सीआरपीएफ जवान है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में ले ली है।