बलरामपुर। करीब दो सप्ताह पूर्व दुकान का उधार पैसा मांगने पर युवक ने महिला पर प्राणघातक हमला कर दिया है। इलाज के दौरान बुधवार रात महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतका के भाई अरुण कुमार ने बताया कि उसकी बहन रीता देवी (35) खदगौरा चौराहे पर होटल चलाती थी। इसी होटल पर बभनपुरवा निवासी रिजवान उधार में खाता पीता था।
करीब दो सप्ताह पूर्व रीता ने रिजवान से उधार पैसा मांगा तो उसने लोहे की रॉड से रीता के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रीता को सीएचसी गैसड़ी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
यहां बुधवार देर रात इलाज के दौरान रीता की मौत हो गई। गैसड़ी कोतवाल राजमणि शुक्ल ने बताया कि पहले ही मामले में रिजवान के खिलाफ केस दर्ज है। मामले की विवेचना सीओ तुलसीपुर कर रहे हैं। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।