बलरामपुर। रूस से जंग छिड़ने के बाद वहां विभिन्न स्थानों पर फंसे जिले के चार और छात्र घर पहुंच गए हैं। यूक्रेन से लौटकर जिले में आने वाले छात्रों की संख्या अब छह हो गई है। चार छात्र अभी भी धमाकों के बीच बंकरों में फंसे हुए हैं। इनके परिजनों का हाल बेहाल है। परिजन लगातार भारत सरकार से संपर्क कर बच्चों की सकुशल वापसी की गुहार लगा रहे हैं।
यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई करने गए जिले के छात्रों की संख्या अब आठ हो गई है। बीते दिनों ग्राम जखौली निवासी नवनीत त्रिपाठी व मोहल्ला पहलवारा निवासी अविरल सिंह सकुशल घर पहुंच गए थे। शुक्रवार को रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के अधीनपुर निवासी अनमोल सिंह भी यूक्रेन से सकुशल घर पहुंच गए हैं। शनिवार को नगर से सटे ग्राम धुसाह निवासी अपराजित पांडेय के अभिभावक डॉ. प्रांजल त्रिपाठी ने बताया कि उनका एक बच्चा अपराजित पांडेय युद्घ शुरु होने के बाद भारतीय दूतावास की एडवाइजरी पर वहां से निकलकर दुबई में रह रही अपनी बहन के यहां सकुशल पहुंच गया है। डॉ. प्रांजल ने बच्चे के यूक्रेन से निकलने पर भारत सरकार की प्रशंसा की है। इसी तरह ग्राम बंजरिया गैड़ास बुजुर्ग निवासी पवन कुमार वर्मा भी शुक्रवार को सकुशल घर पहुंच गए।
उतरौला के मोहल्ला गांधीनगर निवासी ओवैश खां भी वापस आ रहे हैं। हलांकि ओवैश अभी रास्ते में है घर नहीं पहुंचे हैं। ओवैश के पिता जुबेर पूछने पर बेटे के बारे में कोई जानकारी देने से कन्नी काट रहे हैं। ग्राम अहिरौला नगवा पिपरा रामचंदर निवासी आबिद अली भी यूक्रेन में फंसे हैं। परिजन इनके बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। रमनगरा निवासी धर्मेंद्र वर्मा ने बताया कि उनका भाई सुरेश वर्मा अभी भी यूक्रेन के बंकर में फंसा है। उससे बड़ी मुश्किल से फोन पर बात हो पा रही है। नगर के मोहल्ला तुलसीपार्क निवासी विवेक श्रीवास्तव भी अभी यूक्रेन में बंकर में ही छिपे हैं। विवेक के पिता सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि अब उनके बेटे से फोन पर भी बात नहीं हो पा रही है। पूरा परिवार विवेक को लेकर चिंतित है। परिजन लगातार भारत सरकार के संपर्क में है। बच्चों की सुरक्षा व सकुशल वतन वापसी को लेकर परिजनों का हाल बेहाल है।
प्रशासन ने जुटाया छात्रों का ब्योरा
यूक्रेन में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्रों का ब्यौरा जिला प्रशासन ने तैयार कर लिया है। एडीएम राम अभिलाष ने बताया कि वहां से आने वाले तथा वहां फंसे छात्रों के परिजनों से लगातार संपर्क कर हालात पर जायजा लिया जा रहा है। भारत सरकार विदेश मंत्रालय तथा यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास की समय-समय पर जारी की जा रही एडवाइजरी पर नजर रखी जा रही है। सभी छात्रों को शीघ्र ही सकुशल वापसी कराने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।