बलरामपुर। शारदीय नवरात्र व दुर्गा पूजा के दौरान अराजकता फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले के सभी कोतवाली व थानों के प्रभारी निरीक्षक अराजक तत्वों की सूची तैयार करके तत्काल पाबंद करने की कार्रवाई पूरी कराएं। एडीएम व एएसपी ने उतरौला कोतवाली की बैठक के बाद प्रमुखों मंदिरों व रामलीला मैदान का भी निरीक्षण किया।
एडीएम राम अभिलाष व एएसपी अरविंद मिश्र ने सोमवार को उतरौला कोतवाली का औचक निरीक्षण करके तैयारी का जायजा लिया। शारदीय नवरात्र व दुर्गा पूजा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों में अराजकता फैलाने वालों को चिन्ह्ति करके पाबंद करने की कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया।
कोतवाली के अपराध, ग्राम अपराध, एचएस निगरानी, त्यौहार व आगंतुक रजिस्टर आदि की जांच-पड़ताल की। कोतवाली के सभी पुलिस अफसरों व कर्मियों को क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के संबंध में एडीएम व एएसपी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के बाद एडीएम व एएसपी ने दुखहरण नाथ मंदिर व रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद उतरौला एसडीएम डॉ. नागेन्द्र नाथ यादव, सीओ उतरौला उदयराज सिंह व ईओ नगर पालिका परिषद उतरौला अवधेश कुमार वर्मा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।