बलरामपुर। सिल्ट सफाई से फसलों की सिंचाई संभव होगी। गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह ने बुधवार को पूजा-अर्चना व श्रमदान कर चित्तौड़गढ़ बांध निर्माण खंड की नहरों की सिल्ट सफाई का शुभारंभ किया। क्षेत्र के लोगों ने विधायक की इस अनूठी पहल की सराहना की है।
विधायक ने कहा कि हार्ड एरिया होने के चलते गैसड़ी क्षेत्र में जलस्तर काफी नीचे है। किसानों को फसलों की सिंचाई करने में चित्तौड़गढ़ बांध का पानी सबसे उपयोगी साधन है। सिल्ट की सफाई न होने से बांध से जुड़ी नहरों में पर्याप्त पानी नहीं आ पाता है जिससे किसानों को सिंचाई करने के लिए पानी नहीं मिल पाता है। सिल्ट की सफाई होने से नहरों के टेल तक पानी आ जाएगा जिससे किसानों को फसलों की सिंचाई में सहूलियत हो सकेगी।
विधायक ने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि श्रमदान करके व्यवस्था को बेहतर बना सकते हैं। मौके पर मौजूद एक्सईएन चित्तौड़गढ़ बांध अखिलेश कुमार सिंह ने विधायक के प्रयास की सराहना की। सहायक अभियंता फूलचंद्र सोनकर, अवर अभियंता पिंकी, धीरेंद्र कुमार व संतोष कुमार यादव आदि ने नहरों की सिल्ट सफाई में योगदान दिया।