फोटो-12-बलरामपुर के राप्ती नदी के सिसई घाट विसर्जन स्थल का निरीक्षण करते प्रभारी निरीक्षक नगर संज?
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। पूजा-पंडालों में सजे मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं के प्रतिमाओं का 15 अक्तूबर को विसर्जन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने छोटे वाहनों से प्रतिमाओं को विसर्जन स्थलों तक ले जाने की अनुमति दी है। विसर्जन के दौरान भीड़-भाड़ न जुटे, इसके लिए श्रद्धालुओं की सीमित संख्या निर्धारित है। प्रशासन ने विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दुर्गा पूजा समितियों रामलीला मंचों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
डीएम श्रुति व एसपी हेमंत कुटियाल के निर्देश पर बुधवार को एडीएम राम अभिलाष व एएसपी अरविंद मिश्र के साथ तीनों तहसीलों के एसडीएम, सीओ व सभी कोतवाली व थानों के प्रभारी निरीक्षकों ने प्रतिमा विसर्जन स्थलों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। थाना महराजगंज तराई में एएसपी के साथ सीओ आरआर सिंह ने बैठक में मौजूद सभी दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों को सरकार व प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का जिम्मा सौंपा।
कोतवाली देहात के सिसई घाट का एएसपी ने निरीक्षण कर प्रतिमा विसर्जन के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उतरौला कोतवाली में सीओ उदयराज सिंह ने बैठक कर ग्राम प्रहरियों को चौकस रहने का निर्देश दिया। कोतवाली नगर व थाना गौरा चौराहा में एएसपी ने सीओ सिटी वरुण मिश्र के साथ बैठक कर प्रतिमा विसर्जन के दौरान घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में पड़ताल की। नगर कोतवाली की पुलिस ने कोलवा घाट का निरीक्षण कर तैयारी की जायजा लिया। संवाद