बलरामपुर। नगर शिक्षा क्षेत्र में संचालित 10 विद्यालयों के जर्जर भवनों की मरम्मत पर 1.08 करोड़ की धनराशि खर्च की जाएगी। कार्यदाई संस्था सिडको को स्कूल भवनों की मरम्मत की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विद्यालयों के भवनों का मरम्मत कार्य कराने के लिए सीएसआर फंड से धनराशि खर्च की जाएगी। इसके लिए कार्यदाई संस्था को 43 लाख रुपये आवंटित कर दिए गये हैं। कार्यदाई संस्था को विद्यालयों के भवनों की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है। नगर क्षेत्र के करीब एक हजार छात्र-छात्राओं को नए भवन में पढ़ाई करने का मौका मिलेगा।
शिक्षा सत्र 2022-23 में नगर शिक्षा क्षेत्र के 10 विद्यालयों के जर्जर भवनों का कायाकल्प कराने में तत्कालीन बीईओ डॉ. समय प्रकाश पाठक का सराहनीय योगदान रहा है। बीईओ के प्रयास से विद्यालयों के जर्जर भवनों का कायाकल्प कराने के लिए शासन को 107.750 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया। जिला प्रशासन की तरफ से भेजे गये प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी प्रदान कर दी।
सीएसआर फंड से 10 विद्यालयों के जर्जर भवनों का कायाकल्प कराने के लिए प्रस्ताव में शामिल किया गया है। कंपोजिट विद्यालय आदर्श की पुरानी छत की मरम्मत का कार्य 15.11 लाख रुपये से कराया जाएगा। कार्यदाई संस्था सिडको की तरफ से छत की मरम्मत कराई जा रही है। प्राथमिक विद्यालय भगवतीगंज में 19.56 लाख रुपये से भवन का छत डाल दी गई है। भवन के फर्श व प्लास्टर का कार्य किया जा रहा है।
कंपोजिट विद्यालय खलवा के भवन मरम्मत में 5.86 लाख रुपये, प्राथमिक विद्यालय प्राचीन प्राइमरी के भवन मरम्मत में 3.70 लाख रुपये, प्राथमिक विद्यालय अचलापुर के भवन मरम्मत में 3.53 लाख रुपये व प्राथमिक विद्यालय टेढ़ी बाजार के भवन मरम्मत में 4.42 लाख रुपये खर्च किए गये हैं। नगर पालिका जूनियर हाईस्कूल की पुरानी छत की मरम्मत में 12.04 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
प्राथमिक विद्यालय मोतीसागर में नई छत, फर्श व प्लास्टर के कार्य में 13.950 लाख रुपये खर्च होंगे। प्राथमिक विद्यालय चिकनी में 3.35 लाख रुपये से इंटरलॉकिंग व टाइल्स के कार्य कराए जा रहे हैं। कंपोजिट विद्यालय विशुनापुर में 26.23 लाख रुपये टाइल्स व बाउंड्रीवाल केेेे निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। कार्यदाई संस्था को सभी 10 स्कूलों के भवनों का कायाकल्प कराने के लिए शासन ने 43.1 लाख रुपये का बजट आवंटित कर दिया है, जबकि 64.65 लाख रुपये देना है।
नगर शिक्षा क्षेत्र के 10 विद्यालयों के जर्जर भवन की मरम्मत कराने के लिए सीएसआर फंड से शासन ने कार्यदाई संस्था सिडको को जिम्मेदारी सौंपी है। शासन ने कार्यदाई संस्था को करीब 43 लाख रुपये का बजट आवंटित कर दिया है, जबकि करीब 64 लाख रुपये का शीघ्र भुगतान होना है। कार्यदाई संस्था को विद्यालयों के भवनों का शीघ्र कायाकल्प कराने का निर्देश दिया गया है।
-डॉ. रामचंद्र, बीएसए