बलरामपुर। जिले के प्राथमिक विद्यालयों में जिसे गांव के बेटियों का शत-प्रतिशत नामांकन होगा वहां के ग्राम प्रधान, प्रधानाध्यापक व एसएमसी स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। छात्राओं के नामांकन को मिशन शक्ति योजना से जोड़ा गया है। मिशन शक्ति के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन की दिशा में शानदार पहल शुरू की गई है। योजना का दूसरा चरण स्वतंत्रता दिवस पर्व से शुरू होगा, जोकि 31 दिसंबर तक चलेगा। बेसिक शिक्षा विभाग में इस दौरान कई कार्यक्रम होंगे।
बीएसए डॉ. रामचंद्र ने शनिवार को बताया कि शिक्षा निदेशक डॉ. सर्वेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश पर जिले में मिशन शक्ति के तहत दूसरे चरण के कार्यक्रम का शुभारंभ स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त से किया जाएगा। योजना के दूसरे चरण में जिले के सभी ग्राम पंचायतों में छह से 14 वर्ष तक की सभी बालिकाओं का नामांकन कराया जाएगा। यदि किसी ग्राम पंचायत में इस आयु वर्ग की बेटियों का शत-प्रतिशत नामांकन स्कूल में कराया जाएगा तो वहां के ग्राम प्रधान, विद्यालय प्रधानाध्यापक व एसएमसी अध्यक्ष की तरफ से घोषणा पत्र देना होगा।
घोषणा पत्र के आधार पर उन्हें प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। बीएसए ने जिले के सभी 10 शिक्षा क्षेत्रों के बीईओ व सभी प्राथमिक स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्र व स्कूल में बालिकाओं का शत-प्रतिशत नामांकन कराकर प्रशस्ति पत्र पाने के हकदार बने। संवाद