बलरामपुर। 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तृतीय चरण में नियुक्ति पाने वाले 73 सहायक अध्यापकों को साढ़े तीन माह बाद स्कूल में तैनात होने का मौका मिल गया। सभी नवनियुक्त शिक्षकों को बीएसए दफ्तर में गुरुवार को स्कूल आवंटित कर दिए गए।
डीएम श्रुति की तरफ से नामित पर्यवेक्षणीय अधिकारी डीडीओ गिरीश कुमार पाठक व डायट प्राचार्य/उप शिक्षा निदेशक विनय मोहन वन की अध्यक्षता में शिक्षकों को ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत स्कूल का आवंटन किया गया। सभी नवनियुक्त शिक्षकों को तत्काल ज्वाइन करने का निर्देश दिया गया।
बीएसए डॉ. रामचंद्र ने बताया कि जुलाई 2021 में 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तृतीय चरण के दौरान जिले में तैनात किए गए 73 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे। इसके बाद कुछ दिनों तक सभी अध्यापकों की हाजिरी बेसिक शिक्षा दफ्तर में ली गई।
स्कूल आवंटन की प्रक्रिया में देरी होने के चलते नवनियुक्त सभी शिक्षकों को नगर शिक्षा क्षेत्र के बलरामपुर व उतरौला के प्राथमिक स्कूलों में भेज दिया गया। तब से लेकर अब तक ये सभी नगर क्षेत्र के प्राथमिक स्कूलों में अध्यापन करते रहे।
शासन के निर्देेश पर डीएम के पर्यवेक्षण व डायट प्राचार्य की अध्यक्षता में गुरुवार को नवनियुक्त सभी शिक्षकों को ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत स्कूल आवंटित कर दिए गए। इन्हें तत्काल स्कूल में ज्वाइन करने का निर्देश दिया गया है। स्कूल आवंटन प्रक्रिया में डायट प्रतिनिधि प्रवक्ता पवन कुमार वर्मा, वरिष्ठ सहायक रक्षा राम, अर्जुन सोनकर, डीसी निरंकार पांडेय, मोहित देव त्रिपाठी, संजय श्रीवास्तव व आशुतोष मिश्र आदि का सराहनीय योगदान रहा।