फोटो-8/9-बलरामपुर के तुलसीपुर तहसील सभागार में फरियादियों की फरियाद सुनती डीएम श्रुति व एसपी राजे?
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। फरियादियों के प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने अफसरों को कड़ी चेतावनी दी है। बार-बार प्रार्थना पत्र दिए जाने की शिकायत को डीएम ने संज्ञान में लिया है। तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान 194 फरियादियों ने शिकायतों का निस्तारण कराने के लिए गुहार लगाई। तीनों तहसीलों में मौके पर कुल 24 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कराया गया, और बाकी बचे 170 प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभाग के पोर्टल पर अपलोड कराकर तीन दिन में गुणवत्तापूर्ण ढंग से मामले निस्तारित कराने के निर्देश दिए गए।
तुलसीपुर तहसील सभागार में डीएम श्रुति और एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाले फरियादियों की शिकायतें सुनी। कई फरियादियों ने डीएम से शिकायत की कि बार-बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। फरियादियों की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी अफसरों को सख्त निर्देश दिया कि प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में हीलाहवाली न बरतें। जमीन विवाद, अवैध अतिक्रमण, नाली व चकरोड आदि मामलों में पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम मौके पर जाएगी और विवाद का निस्तारण कराएगी। सभी लेखपाल व राजस्व निरीक्षक सरकारी जमीनों पर किसी प्रकार की अवैध अतिक्रमण न होने दें।
प्रधानमंत्री आवास योजना व खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ सभी पात्रों को दिलाने का निर्देश दिया। आईजीआरएस पोर्टल पर कोई भी मामले लंबित न रहे। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में 75 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें 11 का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को तीन दिवस में निस्तारित कराने का निर्देश दिया गया। इस दौरान एसडीएम मंगलेश दूबे, सीएमओ डॉ. सुशील कुमार, तहसीलदार प्रमेश कुमार, सीओ कुंवर प्रभात सिंह, पीडी अनिल कुमार सिंह, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, जिला कृषि अधिकारी आरपी राणा, डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पवन कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
उतरौला तहसील सभागार में सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने संपूर्ण समाधान दिवस में आए फरियादियों की शिकायतें सुनी। कुल 72 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें सात का मौके पर निस्तारण कराया गया। इस मौके पर एसडीएम संतोष कुमार ओझा व तहसीलदार रामाश्रय सहित सभी तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सदर तहसील सभागार में एडीएम राम अभिलाष ने फरियादियों की शिकायतें सुनी। सदर तहसील में 47 प्रार्थना पत्र आए, जिसमें छह का मौके पर निस्तारण कराया गया। इस मौके पर एसडीएम राजेंद्र बहादुर व तहसीलदार अरुण कुमार सहित तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।