बलरामपुर। बाढ़ के तेज बहाव में परसिया कला से बदलपुर जाने वाली सड़क कटकर बह गई। पक्की सड़क मिट्टी में तब्दील हो गई है। सड़क पर गिट्टी की जगह बालू पड़े हुए है। सड़क कट जाने से क्षेत्र के करीब 20 हजार लोगों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने डीएम को पत्र भेजकर सड़क मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
क्षेत्रवासी रफातुल्ला, बंटू सिंह, पुत्तन तिवारी, महावीर व अब्दुल अजीज आदि ने डीएम को भेजे गए पत्र में कहा है कि विकासखंड तुलसीपुर के ग्राम परसिया कला से बदलपुर जाने वाली सड़क बाढ़ के तेज बहाव में कटकर बह गई है। सड़क पर जगह जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं।
दो पहिया तो दूर चार पहिया वाहनों को भी आने जाने में दिक्कत होती है। कई बार दोपहिया वाहन सवार गिरकर चोटिल हो गए हैं। इसी तरह ग्राम रामगढ़ मैटहवा को जाने वाली सड़क पूरी तरह खरझार नाले के मिट्टी से पट गई है। जगह-जगह सड़क बाढ़ के तेज बहाव में कट गई है।
क्षेत्र के करीब 20 हजार लोगों क ो आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान तुलाराम यादव ने बताया कि इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारी से की गई लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इन लोगों ने डीएम से सड़क मरम्मत कराए जाने की मांग की है।