बलरामपुर। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान दिवस में शनिवार को पोलिंग बूथों से नदारद पांच बीएलओ से जवाब तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विधिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
तीनों तहसीलों के एसडीएम से भी रिपोर्ट तलब की गई है। एसडीएम की रिपोर्ट के आधार पर लापरवाह बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिले के 1857 पोलिंग बूथों पर बीएलओ की तरफ से युवाओं व छूटे हुए से लोगों से आवेदन भरवाए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम राम अभिलाष ने द्वितीय मतदाता दिवस के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम का पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर जायजा लिया। विधानसभा तुलसीपुर के प्राथमिक विद्यालय काशीपुर, ललिया व विनोनिकला आदि पोलिंग बूथों पर पहुंचकर बीएलओ को अधिक से अधिक नाम मतदाता सूची में बढ़ाने के निर्देश दिए।
छूटे हुए युवाओं व अन्य नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रारुप-छह भरवाए गए। नाम काटने के लिए प्रारुप-7, मतदाता सूची की त्रुटियां दुरुस्त कराने के लिए प्रारुप-8 और दूसरे विधानसभा क्षेत्र में नाम स्थानांतरित कराने के लिए प्रारुप-8ए भरवाए गए।
सदर एसडीएम राजेंद्र बहादुर ने मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर सहित कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर जायजा लिया और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी बीएलओ को 21 व 27 नवंबर को भी पोलिंग बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची में वोटरों का नाम बढ़ाने, दुरुस्त करने व वोटर लिस्ट के अन्य कार्य कराने का निर्देश दिया गया।
सदर एसडीएम के निरीक्षण में सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 169 से बीएलओ सफाई कर्मी राजरानी, बूथ संख्या 176 से सफाई कर्मी हरीश चंद्र, बूथ संख्या 226 से शिक्षामित्र पूनम पांडेय व बूथ संख्या 303 से सफाई कर्मी महेश कुमार और तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्सा 63 से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रंजना यादव बिना सूचना के गायब पाई गई।
गायब रहने वाले इन बीएलओ से सात दिन में जवाब तलब किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नगर क्षेत्र में रवीन्द्र गुप्ता, अजय केसरा, अनीता श्रीवास्तव व विमला विश्वकर्मा सहित सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर एसडीएम के निरीक्षण में उपस्थित मिले। उतरौला नगर में सपा कार्यकर्ता आदिल हुसैन ने पोलिंग बूथों पर जाकर युवाओं का आवेदन भरवाया।