बलरामपुर। सरयू नहर परियोजना के लोकार्पण समारोह में आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह अभेद्य होगी। इंट्री प्वाइंट पर मेटल डिटेक्टर से जांच के साथ ही मंच समेत पूरे पंडाल की निगरानी को एसपीजी, एटीएस, डॉग स्कवायड के साथ स्नाईपर्स भी तैनात रहेंगे। पूरे कार्यक्रम स्थल पर एंटी ड्रोन सिस्टम भी क्रियाशील रहेगा। आयोजन के दौरान पुलिस, पीएसी व पैरामिलेट्री फोर्स के 3612 अधिकारी व कर्मचारी तैनात रहेंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से आयोजन स्थल को जोनवार बांटते हुए इसकी सुरक्षा की कमान सात आईपीएस अफसरों को सौंपी गयी है। पांच कंपनी पैरामिलेट्री तथा 6 कंपनी पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है।
कार्यक्रम में आने वाले लोगों को आयोजन स्थल पर प्रवेश देने के लिए सात प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। इन सभी प्रवेशद्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाया गया है। इन द्वारों पर सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी की गई है। प्रधानमंत्री, राज्यपाल व मुख्यमंत्री को मंच तक पहुंचाने के लिए अलग तथा वीआईपी के तौर पर आने वाले मंत्री, सांसद, विधायक व संगठन पदाधिकारियों तथा मीडिया कर्मियों के लिए अलग प्रवेश द्वार बनाया गया है।