बलरामपुर। एसडीएम तुलसीपुर के बिजली विभाग के जेई व अन्य कर्मचारियों की पिटाई के मामले को लेकर संवर्ग के अभियंताओं को आक्रोश व्याप्त है। डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के बैनर तले शुक्रवार को अभियंताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर विरोध जताया। डीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
महासंघ के जिलाध्यक्ष इंजीनियर बीएन उपाध्याय ने कलेक्ट्रेट के धरने को संबोधित करते हुए कहा कि बिजली विभाग के अवर अभियंता इंजीनियर संतोष कुमार मौर्या को तुलसीपुर एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने स्वयं व पुलिस के साथ मिलकर पावर हाउस के कमरे में बंद करके मारापीटा। धमकी दी और गाली-गलौज किया। इस घटना को लेकर अभियंता संवर्ग में भारी आक्रोश है।
जेई की तरफ से जो तुलसीपुर थाने में तहरीर दी गई है उस पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराकर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गौर जिम्मेदार व शासकीय सेवा के आचरण के खिलाफ कृत्य करने वाले एसडीएम को तत्काल निलंबित कर अनुशासनिक कार्रवाई की जाए। अवर अभियंता संवर्ग में व्याप्त भय व रोष के वातावरण को समाप्त करने के लिए समुचित कार्रवाई की जाए। यदि शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की गई तो आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। धरने को महासंघ के सचिव एसके मेहता, पंकज शर्मा, सत्य प्रकाश, अरविंद कुमार, रमेश चंद्र, प्रदीप, बिजली विभाग के केके तिवारी, प्रवेश कुमार, श्रीप्रकाश व उत्तर आदि ने संबोधित किया और धरने के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा गया।