फोटो-7- शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंचे तुलसीपुर के भाजपा प्रत्याशी कैलाश ना?
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। मतदान से पहले प्रत्याशी घर-घर जनसंपर्क कर मतदाताओं का आशीर्वाद ले रहे थे। अब मतगणना से पहले देवी देवताओं के चरणों में हाजिरी लगा रहे हैं। तीन मार्च को जिले में जैसे ही छठवें चरण का मतदान संपन्न हुआ वैसे प्रत्याशी व उनके समर्थक देवी देवताओं की शरण में पहुंचकर अर्जी लगा रहे हैं। किसी ने शक्तिपीठ देवी पाटन पहुंचकर मां पाटेश्वरी का आशीर्वाद मांगा तो किसी ने नेपाल राष्ट्र के प्रभूनाथ बाबा का दर्शन करके जीत की मन्नतें मांगी। किसी ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करके तो किसी ने बजरंगबली की पूजा अर्चना करके मंगलकामना की। प्रत्याशियों ने अयोध्या में प्रभु श्रीराम का दर्शन करके विजय श्री का आशीर्वाद मांगा। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर एवं दतिया में आदि शक्ति मां जगदम्बा की पूजा अर्चना करके प्रत्याशियों ने मन ही मन में कहा कि मां मुरादें पूरी कर दो, हलुआ बांटूंगा।
पल्टूराम प्रभूनाथ बाबा व बजरंगबली का लिया आशीर्वाद
सदर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी पल्टूराम चुनाव के बाद नेपाल राष्ट्र के प्रभूनाथ बाबा की शरण में पहुंच गए। उन्होंने प्रभूनाथ बाबा एवं मां दुर्गा की पूजा अर्चना करके चुनाव में जीत दिलाने की अर्जी लगाई। इसके बाद वह अयोध्या में हनुमान गढ़ी मंदिर पहुंचकर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। अयोध्या में ही राम जन्मभूमि का दर्शन करके भगवान श्रीराम से विजय श्री का आशीर्वाद मांगा।
मां पाटेश्वरी की शरण में पहुंचे कैलाश नाथ
तुलसीपुर से भाजपा प्रत्याशी कैलाश नाथ शुक्ल मतदान के बाद सबसे पहले शक्तिपीठ देवीपाटन पहुंचे। मां पाटेश्वरी के दरबार में हाजिरी लगाकर उन्होंने चुनाव में विजय हासिल करने के लिए उनका आशीर्वाद मांगा। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के रहिया देवी मंदिर तथा नगर के रानी तालाब मंदिर पहुंचकर मां दुर्गा एवं बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया। नगर के समय माता मंदिर एवं झारखंडी मंदिर में भी मत्था टेक कर अपनी जीत के लिए मन्नतें मांगी।
शैलू श्री पीतांबरा पीठ में लगाई हाजिरी
गैसड़ी से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी शैलेश कुमार सिंह शैलू क्षेत्र में मतदान कराने के बाद दतिया स्थित श्री पीतांबरा पीठ की शरण में पहुंच गए। उन्होंने परिजनों व समर्थकों के साथ मां जगदम्बा की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। मां जगदम्बा के दरबार में हाजिरी लगाते हुए उन्होंने विधानसभा चुनाव में जीत की कामना के साथ आशीर्वाद मांगा।
रामप्रताप वर्मा ने बजरंगबली का लिया आशीर्वाद
उतरौला से भाजपा प्रत्याशी राम प्रताप वर्मा मतदान समाप्त होने केे बाद से ही देवी देवताओं के शरणागत हो गए हैं। सबसे पहले उन्होंने तुलसीपुर स्थित शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचकर मां पाटेश्वरी का आशीर्वाद लिया। मतगणना से पहले उन्होंने अयोध्या स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा अर्चना करके बजरंगबली से जीत की कामना के साथ आशीर्वाद मांगा। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि का दर्शन करके प्रभु श्रीराम से विजय श्री का आशीर्वाद मांगा।