बलरामपुर। सरयू नहर परियोजना के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बलरामपुर को ही नही बल्कि नौ जिलों को बहुत बड़ी सौगात देने वाले हैं। प्रधानमंत्री के अब तक जितने भी कार्यक्रम हुए हैं उनमें सबसे एतिहासिक कार्यक्रम बलरामपुर की धरती पर होगा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को एतिहासिक बनाने के लिए जनता में भी काफी उत्साह दिख रहा है।
यह बातें उत्तर प्रदेश शासन के जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने मंगलवार को सदर ब्लॉक के हंसुवाडोल गांव में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते समय तैयारियों के संबंध में जानकारी देते हुए कही।
उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री जिस सरयू नहर परियोजना का लोकार्पण करेंगे उससे बलरामपुर ही नही बल्कि गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, बस्ती, महराजगंज, संत कबीरनगर एवं गोरखपुर की 14 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और इससे करीब 30 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री के सपने हर खेत तक पानी पहुंचाने और किसानों की आय दोगुनी करने में यह परियोजना निश्चित रूप से वरदान साबित होगी।
यह परियोजना नदियों को जोड़ रही है, किसानों के खेतों को पानी दे रही है और किसानों के जीवन में नयी खुशहाली, नया उमंग और नया उत्साह भी पैदा कर रही है। जलशक्ति मंत्री ने डीएम श्रुति व सीडीओ रिया केजरीवाल को निर्देश दिया कि सभा स्थल को बड़ा बनाया जाये।
मंच इस तरह तैयार किया जाये कि भीड़ दूर से ही दिखाई दे। पार्किंग स्थल पर विशेष ध्यान दिया जाये। मुख्य मार्गों पर जिस तरफ से लोग आएं उसी तरफ पार्किंग की व्यवस्था की जाये। वीआईपी, वीवीआईपी, मीडिया प्रतिनिधि एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागियों के लिए एक ही इंट्री प्वाइंट बनाया जाये।
सांसद व विधायकों के लिए नजदीक में ही पार्किंग की व्यवस्था की जाये। इस दौरान जलशक्ति विभाग के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, राज्यमंत्री पल्टूराम, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा एवं मीडिया प्रभारी डीपी सिंह भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के बाद जलशक्ति विभाग के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख एवं राज्यमंत्री पल्टूराम ने विकास भवन सभागार में प्रेस वार्ता करते हुए प्रधानमंत्री के रैली की तैयारियों के संबंध में जानकारी भी दी।
प्रधानमंत्री की रैली को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नौ दिसंबर को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह सभी जिलों के जनप्रतिनिधि व अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
मुख्यमंत्री की बैठक के लिए जलशक्ति मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने सभा स्थल पर ही पांडाल बनाए जाने तथा उसमें 75 कुर्सियों की व्यवस्था कराए जाने का निर्देश डीएम को दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के आने से पहले सभी व्यवस्थाओं को पूरा कर लिया जाए।
मंडलायुक्त एसबीएस रंगाराव ने भी मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर तैयार किये जा रहे हेलीपैड, मुख्य मंच, सभा स्थल में बनाये गये ब्लॉक एवं पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ रिया केजरीवाल सहित पीडब्लूडी एवं अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।