बलरामपुर। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व रविवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। ईद की नमाज के लिए मस्जिद तथा ईदगाह कमेटी के लोगों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस-प्रशासन ने मस्जिदों व ईदगाहों के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी।
सभी सीओ व थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में मुस्तैद रहकर सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। नगर के मुख्य बाजार में नमाज के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिएक्शन टीमों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
बकरीद को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने सभी सफाईकर्मियों की छुट्टी निरस्त कर दी है। सफाई प्रभारी सुरेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अध्यक्ष किताबुन्निशां के निर्देश पर नगर के सभी इबादतगाहों के आसपास रविवार भोर से सफाई कराकर चूने का छिड़काव कराया जाएगा। सुबह छह बजे तक सारा काम पूरा कर लिया जाएगा।
खुले में न करें कुर्बानी
शहर मुफ्ती मौलाना मसीह अहमद कादरी ने बताया कि ईद-उल-अजहा पर्व 10 से 12 जुलाई तक मनाया जाएगा। इस दौरान इस बात का खास ख्याल रखा जाए कि बकरे की कुर्बानी खुली जगह पर न हो। अन्य धर्म के लोगों की भावना को ठेस न पहुंचाएं। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेष को शहर से दूर गहरे गड्ढे में दबा दें। कुर्बानी की फोटो किसी भी दशा में सोशल मीडिया पर वायरल न करें।
नगर में बकरीद की नमाज का समय
नूरी मस्जिद मोहल्ला गदुरहवा में सुबह सात बजे
मुरसलीन मस्जिद गदुरहवा में सुबह सात बजे
कालिया मस्जिद मोहल्ला बलुहा में सुबह 07:30 बजे
जामा मस्जिद ईदगाह सरायफाटक में सुबह आठ बजे
हाजी इब्राहिम मस्जिद गोविंद बाग में सुबह आठ बजे
सरायफाटक स्थित बीच वाले ईदगाह में सुबह आठ बजे
बाबा हुरमत शाह आस्ताना मस्जिद गदुरहवा में सुबह आठ बजे
बीबी बांदी साहिबा मस्जिद बड़ा पुल में सुबह 08:30 बजे
बड़ी ईदगाह मोहल्ला नौशहरा में सुबह नौ बजे