फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धनतेरस में सजा बाजार, 150 करोड़ का होगा कारोबार

विज्ञापन
बलरामपुर के सरायफाटक के पास सजी इलेक्ट्रानिक की दुकान। - फोटो : BALRAMPUR
विज्ञापन
बलरामपुर। धनतेरस को लेकर बाजार गुलजार हो चुका है। बर्तन, जेवर, मिठाई व कपड़े की दुकानों के साथ इलेक्ट्रानिक व वाहन शो रूम सज चुके हैं। बाजार में खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ने लगी है।
विज्ञापन

दो दिन मनाए जाने वाले धनतेरस में मंगलवार और बुधवार को बाजार में बड़े स्तर पर खरीदारी होने की उम्मीद है। बाजार में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए इस बार 150 करोड़ रुपए का कारोबार होने की संभावना जताई जा रही है। धनतेरस पर जेवर, बर्तन, कपड़े व वाहनों के साथ इलेक्ट्रानिक सामानों के खरीदारों की धूम रहेगी।
कपड़ों तथा जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए सोमवार को भी बाजार में भारी भीड़ जुटी। भीड़ के चलते पूरा शहर जाम रहा। बच्चों ने भी परिजनों के साथ बाजार में मनपसंद कपड़े व खिलौनों की खरीदारी की।
विज्ञापन

शो रूम, मॉल व दुकानों पर खरीदारी के लिए सुबह से लेकर देर शाम तक खरीदारों की भीड़ जुटी रही। कारोबारियों का कहना है कि कोरोना के चलते पिछली बार की दीपावली फीकी रही थी।
पिछले धनतेरस पर कारोबार काफी मंदा रहा लेकिन इस बार बाजार में काफी रौनक देखने को मिल रही है। इस बार कारोबार अच्छा होने की उम्मीद है। दीपावली व धनतेरस को लेकर बाजार अभी से सज गया है। वाहन कारोबारी वाहनों की बिक्री के लिए तरह-तरह के ऑफर भी चला रहे हैं।
दीपावली के लिए इस बार बाजार में गोबर, मिट्टी व चांदी की मूर्तियां उपलब्ध हैं। भगवान श्री गणेश व माता लक्ष्मी की रंग बिरंगी मूर्तियों से दुकानें सजी हुई हैं। नगर के वीर विनय चौराहा से लेकर चौक बाजार, पहलवारा, भगवतीगंज, घास मंडी, मेजर चौराहा व बड़ा पुल चौराहा आदि स्थानों तरह-तरह की दुकानें सजाई गई हैं।
बाजार में 25 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक की मूर्तियां उपलब्ध हैं। बाजार में मैजिक खिलौनों की दुकानें भी सजी हुई हैं। बच्चे मैजिक वाले खिलौने खूब पसंद कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार प्लास्टिक व मिट्टी के खिलौनों के साथ इलेक्ट्रानिक खिलौने भी खूब पसंद किए जा रहे हैं।
धनतेरस व दीपावली पर्व को देखते हुए बाजार सज गए हैं। बाजार में इलेक्ट्रानिक झालरों व मिट्टी के दीयों की दुकान भी सजी हुई हैं। इन दुकानों पर तरह-तरह के इलेक्ट्रानिक झालर व रोशनी के उपकरण बेचे जा रहे हैं। इस बार मिट्टी के दीयों में भी तरह-तरह की कलाकृतियां बनाई गई हैं जो लोगों को खूब पसंद आ रही हैं। लोग रंग-बिरंगी झालर व कलाकृति वाले दीयों की खूब खरीदारी कर रहे हैं।
दीपावली में मिठाई की मांग बढ़ जाती है। इस बार भी मिठाई की दुकानों पर भारी भीड़ जुट रही है। काजू बर्फी, छेना व खोवे की मिठाईयों की मांग अधिक है। मिठाई खरीदने के साथ-साथ लोग लईया-गट्टा की खरीदारी भी जमकर कर रहे हैं। लईया व गट्टे की बिक्री धनतेरस से लेकर भईयादूज तक होती है। प्रसाद के रूप में लईया-गट्टा बांटने की परंपरा है।
धनतेरस पर आभूषण व बर्तन की खरीदारी को काफी शुभ माना जाता है। धनतेरस के दिन बर्तन खरीदने की परंपरा बहुत पुरानी है। बर्तन की दुकानों पर खरीदारों की लंबी लाइन लग रही है। गिलास, कटोरी, प्रेशर कूकर व मिक्सी खरीदने के लिए खरीदार उमड़ रहे हैं। सर्राफा व्यवसाईयों की दुकान पर भी भारी भीड़ जुट रही है। महिलाएं आभूषण खरीदने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हुए दिख रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें