बलरामपुर। वन विभाग तुलसीपुर यूनिट के सूरतसिंहडीह गांव के बाहर तेंदुए के पदचिन्ह् मिले हैं। ग्रामीणों में दहशत है। शाम होते ही घरों से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अफसरों को तेंदुए को पकड़वाने की सूचना भेजी है।
ग्रामीण चंद्रजीत यादव, नान बाबू, जगदंबा, सिपाही लाल, गोलू व पवन सिंह ने आदि ने वन विभाग के अधिकारियों को भेजे गए शिकायती पत्र में कहा है कि बीते कई दिनों से सूरतसिंहडीह गांव के आसपास तेंदुआ मंडरा रहा है।
गांव के बाहर तेंदुए के पदचिन्ह् दिख रहे हैं। गन्ने के खेत में छिपा तेंदुआ शाम होते ही बाहर आ जाता है। प्राथमिक विद्यालय के पास राममूर्ति गुप्ता के गन्ने के खेत में शनिवार को तेंदुआ दिखाई पड़ा तो ग्रामीणों ने शोर मचाकर तेंदुए को भगा दिया।
ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगवाने की मांग की है। तुलसीपुर यूनिट के रेंजर ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि पिंजड़ा लगाकर तेंदुए को पकड़ा जाएगा और उसे सुरक्षित जंगल में भेजा जाएगा।