बलरामपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 152वीं जयंती पर यूपी खादी ग्रामोद्योग बोर्ड व अमर उजाला के संयुक्त तत्वाधान में विद्यार्थियों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता मेें सेंट जेवियर्स हायर सेकेंड्री स्कूल एवं सिटी मांटेसरी इंटर कालेज के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने स्वच्छ शहर, स्वस्थ हम विषय पर चित्र बनाकर बापू के स्वच्छता संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
महात्मा गांधी की जयंती पर सेंट जेवियर्स स्कूल में शनिवार को निदेशक सुयश आनंद एवं प्रधानाचार्य नीरू टंडन ने बापू के चित्र पर पुष्पार्चन कर चित्रकला प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 8 से 12 तक के 35 बच्चों ने प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने स्वच्छ शहर स्वस्थ हम विषय पर चित्रकारी करते हुए महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यालय के समन्वयक राजेश जायसवाल, रेखा ठाकुर, संजय सिंह तोमर, अनुराधा सिंह व सिद्घार्थ गुप्ता आदि मौजूद रहे। इसी तरह सिटी मांटेसरी इंटर कालेज में प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य केपी यादव ने दीप प्रज्जवलन व महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण से किया।
यहां पर 32 बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि हम अपने आस पास जितनी स्वच्छता रखेंगे उतना ही बीमारी से दूर रहते हुए स्वस्थ रहेंगे। महात्मा गांधी ने भी स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छता अपनाने पर जोर दिया था।
प्रतियोगिता के आयोजन में शिक्षक दिनेश आचार्य, सतेन्द्र मिश्रा व प्रेम प्रकाश यादव आदि का सराहनीय सहयोग रहा। बताते चलें कि महात्मा गांधी के संदेशों के प्रति बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से गांधी जयंती पर उत्तर प्रदेश खादी ग्रामोद्योग और अमर उजाला के संयुक्त तत्वाधान में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई है। प्रतियोगिता में सेलेक्ट होने वाले चित्रों की प्रदर्शनी लखनऊ में लगाई जाएगी। अमर उजाला की तरफ से प्रत्येक स्कूल के सर्वश्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों को डिजिटल सार्टिफिकेट दिया जाएगा।