बलरामपुर। सड़क हादसे में मनरेगा सेल के जेई की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए हैं। थाना महराजगंज तराई के सड़क दुर्घटना में तुलसीपुर ब्लॉक में तैनात जेई की मौत हो गई है।
थाना रेहरा बाजार के गजपुरग्रंट गांव में गणेश की प्रतिमा विसर्जन में श्रद्घालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली कुशमौरा घाट कुआनों नदी के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। सभी घायल को सीएचसी गैड़ास बुजुर्ग से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामने की छानबीन कर रही है।
महराजगंज तराई थाना के प्रभारी निरीक्षक चंद्रहास मिश्र ने मंगलवार को बताया कि तुलसीपुर ब्लॉक कौवापुर में तकनीकी सहायक मनरेगा के पद पर कार्यरत गोरखपुर जिले के थाना सेंदुरवा ग्राम गोधवल निवासी सिंटू गुप्ता रात करीब 10 बजे बाइक से कौवापुर मोड़ के पास नेशनल हाईवे पर छुट्टा जानवर से टकरा गए।
गश्त के दौरान पुलिस ने सड़क के किनारे बाइक देखी तो आसपास तलाश करने लगे। तभी सिंटू का शव कीचड़ में पड़ा पाया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक सिंटू के परिवार में पिता परमारथ गुप्ता, माता उर्मिला, भाई अजय, बहन बिंदू है। घर में सबसे छोटा थे। परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
दूसरी घटना रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के गजपुर ग्रंट गांव से गणेश प्रतिमा विसर्जन में श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर कुशमौरा घाट कुआनो नदी के पास पलट गई। घटना में आकाश, नीरज, आशीष, सत्यम, सुशीला, मुस्कान, 14 वर्षीय ज्योति, अर्जुन, 10 वर्षीय ज्योति, कंचन, शारदा, शांति, वीरेंद्र व धर्मेंद्र सहित 20 लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को उतरौला विधायक रामप्रताप वर्मा ने 102 एंबुलेंस से सीएचसी गैड़ास बुजुर्ग पहुंचवाया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी के डॉक्टर ने सभी घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। संवाद