बलरामपुर। देहात तो दूर अब नगर के लोग भी चोरों के आतंक से सुरक्षित नहीं है। स्थानीय नगर स्थित एमएलके पीजी कॉलेज टीचर्स कॉलोनी के एक आवास से चोरों ने गत रविवार दोपहर 35 हजार नकदी तथा करीब छह लाख के जेवरात पार कर दिए। पीड़ित की तहरीर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
टीचर्स कॉलोनी निवासी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि गत रविवार दिन में करीब 11 बजे रक्षाबंधन कार्यक्रम में शामिल होने वह सपरिवार कॉलोनी में ही रह रहे अपने दामाद डॉ. पवन कुमार सिंह के यहां गए थे। 11.35 बजे जब मैं घर लौटा तो घर का दरवाजा खुला हुआ था। घर में दो अलमारी टूटी हुई थी तथा सारा सामान बिखरा हुआ था। देखने पर पता चला कि चोरों ने घर की दो अलमारियों में रखा 35 हजार रुपया नकद तथा करीब छह लाख का जेवर पार कर दिया। दिन दहाड़े मात्र 35 मिनट के अंदर टीचर्स कॉलोनी में हुई इस घटना को लेकर लोगों दहशत व्याप्त है।
पीड़ित ने मामले की तहरीर नगर कोतवाली में दी है। इस संबंध में नगर कोतवाल मानवेंद्र पाठक ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।