बलरामपुर। दिवाली मेले में घरेलू उत्पादों के बिक्री की धूम रहेगी। तीन नवंबर तक चलने वाले मेले में दिवाली के सामानों की खरीदारी के लिए ग्राहकों का जमावड़ा होगा। मेला स्थल को चाक चौबंद बनाने के लिए नगर पालिका की तरफ से शानदार प्रयास किया गया है।
जिला मुख्यालय के बड़ा परेड ग्राउंड व उतरौला के रामलीला मैदान में दिवाली मेला लगाया गया है। मेले में घरेलू उत्पादों की बिक्री के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों व विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए स्टाल लगाए गए हैं।
जिला मुख्यालय के बड़ा परेड ग्राउंड में राज्यमंत्री होमगार्ड, सैनिक कल्याण, प्रांतीय रक्षक दल व नागरिक सुरक्षा विभाग पल्टूराम और उतरौला के रामलीला मैदान में विधायक राम प्रताप वर्मा की पत्नी सुनीता वर्मा ने फीता काटकर दिवाली मेले का शुभारंभ किया।
मेले में स्वास्थ्य, महिला कल्याण, श्रम, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, कृषि, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पंचायतीराज, डूडा, विधिक सेवा प्राधिकरण, सूचना व राजस्व विभाग के योजनाओं का प्रचार-प्रसार कराने के लिए स्टाल सजाए गए हैं। मेले में मतदाता जागरूकता के कार्यक्रमों की भी धूम है।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली व ईओ राकेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पालिका की पूरी टीम ने मेला के आयोजन स्थल पर कड़ी मशक्कत कर चाकचौबंद कराया। सजाए गए पंडाल में सीएमएस इंटर कॉलेज व एमपीपी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना, शिव तांडव सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।
राज्यमंत्री ने कहा कि रेहड़ी व पटरी के दुकानदारों के सामानों की बिक्री के लिए प्रदेश सरकार ने एक प्लेट फार्म निर्धारित किया है। दिवाली के दौरान सामानों को खरीदने के लिए लोगों को मेले में एक स्थान पर सबकुछ मिल जाएगी। सामानों की खरीदारी के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी। पेंशन आदि के आवेदन भरवाए जा रहे हैं।
दिवाली मेले में शाम चार से सायं सात बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे जिसका लोगों को लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। एडाीएम राम अभिलाष, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, सदर एसडीएम राजेश बहादुर, डीआईओएस गोविंद राम, बीएसए डा. रामचन्द्र, पीडी अनिल कुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली, सभासद संजय कुमार मिश्रा व डीपी सिंह आदि ने नगर के लोगों से दिवाली मेले में आकर सामानों की खरीदारी करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मजा लेने की अपील की है।
उतरौला विधायक ने नगर व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से मेले में आने की अपील की। प्रभारी एसडीएम नरेन्द्र राम व ईओ अवधेश वर्मा की देखरेख में उतरौला नगर में मेला तीन नवंबर तक चलाया जाएगा। नायब तहसीलदार स्वाति सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्त, जगदम्बा प्रसाद, पूणेन्द्र शेखर, मनीषा, राहुल, शिवम, लक्ष्मी गुप्ता व उमाशंकर सिंह आदि ने मेले की तैयारी में सराहनीय योगदान दिया।