फोटो-7-बलरामपुर में क्लीनिक पर छापेमारी के दौरान छानबीन करते एसीएमओ डा. संतोष कुमार श्रीवास्तव।(स
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। जिला मेमोरियल चिकित्सालय के सामने गली में फर्जी डिग्री के सहारे क्लीनिक संचालित हो रहा था। स्थानीय लोगों की शिकायत पर एसीएमओ ने बृहस्पतिवार को क्लीनिक पर छापा मारा गया। यहां मौजूद डाक्टर डिग्री व क्लीनिक के संबंध में कोई भी वैध अभिलेख नहीं दिखा पाए। क्लीनिक पर ऑपरेशन के उपकरण सहित भारी मात्रा में लोकल दवाएं भी पाई गईं। डिग्री व अभिलेख न मिलने पर क्लीनिक सील कर दिया गया। उसके संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीन दिन में अभिलेख प्रस्तुत न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि जिला मेमोरियल चिकित्सालय के सामने गली में डॉक्टर आरके सिंह के नाम से क्लीनिक का संचालन किया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने क्लीनिक व डॉक्टर के खिलाफ शिकायतें की थीं। एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव को जांच सौंपी गई थी। एसीएमओ के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को क्लीनिक पर छापा मारा। इस दौरान राकेश कुमार नामक व्यक्ति मरीजों का इलाज करता मिला। पूछताछ के दौरान राकेश कुमार डॉक्टर होने के संबंध में कोई डिग्री नहीं दिखा सका। जबकि डॉ. आरके सिंह के बोर्ड पर एमडी डिग्री लिखी हुई मिली है। क्लीनिक का न तो पंजीकरण मिला और न कोई अन्य अभिलेख ही प्रस्तुत किया गया। क्लीनिक पर 4-5 मरीज मौजूद मिले।
इन लोगों से फीस लेकर दवाएं लिखी गई थीं। क्लीनिक पर ऑपरेशन के उपकरण, कान परीक्षण की मशीन व बीपी मशीन सहित भारी मात्रा में लोकल दवाएं पाई गई हैं। क्लीनिक पर पाया गया सारा सामान कब्जे में ले लिया गया है। छापे के दौरान एसीएमओ के साथ कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक एसपी सिंह व कंप्यूटर ऑपरेटर सहित पुलिस बल भी मौजूद रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को सील करा दिया है। एसीएमओ की रिपोर्ट पर क्लीनिक संचालक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीन दिन में स्पष्टीकरण व अभिलेख न मिलने पर संचालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।