बलरामपुर। जिले में चाइल्ड लाइन की टीम ने चार बच्चों को बाल मजदूरी से छुड़ाया है। छुड़ाए गए बच्चों को उनके मां-बाप के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही अभिभावकों को छुड़ाए गए बच्चों का स्कूलों में दाखिला कराने की सलाह दी गई है। चाइल्ड लाइन की तरफ से नगर कोतवाली क्षेत्र में बच्चों से बाल मजदूरी न कराने और बाल अधिकार के बारे में बताकर लोगों को जागरूक किया गया।
चाइल्ड लाइन 1098, एएचटीयू, बाल कल्याण अधिकारी व नगर कोतवाली की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को रेलवे व बस स्टेशन के पास जागरुकता और छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान दुकानों पर कार्य करते हुए चार बाल मजदूरों को छुड़ाया गया और उन्हें उनके मां-बाप के सुपुर्द कर दिया गया।
पंपलेट बांटकर बच्चों को उनके बाल अधिकार के लिए जागरुक किया गया। लोगों को कोरोना महामारी से सुरक्षा के बारे में भी बताया गया। हेल्पलाइन नंबर 112, एंबुलेंस सेवा 102, 108, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 व महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 के बारे में भी जानकारी दी गई और कहा गया कि अपनी समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए इन नंबरों पर कॉल करें।
उन्हें तत्काल सेवा मुहैया कराई जाएगी। 1098 नंबर बच्चों की देखभाल व सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। जीरो से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए चाइल्ड लाइन कार्य कर रहे है। मेडिकल व शिक्षा सहायता के साथ-साथ अनाथ बच्चों को सहारा देने का कार्य किया जा रहा है।
अभियान के दौरान एएचटीयू विभाग की महिला आरक्षी आरती वर्मा, सोनी मौर्या, कांस्टेबिल सलमान वारसी, बाल कल्याण अधिकारी संतोष कुमार, अंजली वर्मा, चाइल्ड लाइन जिला समन्वयक हरिशंकर यादव, प्रिंस कुमार यादव व विष्णू कुमार आदि मौजूद रहे।