फोटो-4-बलरामपुर के गजपुर ग्रिंट में गेंदा के फूलों की खेती दिखाते पवन कुमार सैनी।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
गैड़ास बुजुर्ग (बलरामपुर)। मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती है। इस कहावत को एक गरीब किसान ने सच साबित कर दिखाया। उसने दो बीघा में फूल की खेती से एक साल में दो लाख रुपये की आमदनी करके मिसाल पेश की है। किसान पवन कुमार ने पट्टेे पर दो बीघा जमीन लेकर करीब 60 हजार रुपये की लागत से गेंदा के फूल की खेती करके सफलता हासिल की है। सीमित संसाधनों में बेहतर आमदनी पैदा करके पवन ने दूसरों को भी रास्ता दिखाया है।
गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक के गजपुर ग्रिंट निवासी किसान पवन कुमार सैनी ने बताया कि उन्होंने बांक भवानी गांव में दो बीघा जमीन पट्टे पर लेकर गेंदा के फूल की खेती शुरू की थी। एक साल में करीब 60 हजार रुपये पूंजी लगाकर दो लाख रुपये की आमदनी की है। एक छमाही में 30 हजार रुपये पूंजी खर्च कर एक लाख रुपये की आमदनी की जा सकती है। फूल बेचने के लिए पवन को कहीं जाना भी नहीं पड़ रहा है। क्षेत्र के लोग विवाह व अन्य कार्यक्रमों में स्टेज आदि की सजावट के लिए खेत से ही फूल खरीद लेते हैं। गेंदा के फूल का भाव करीब 10 हजार रुपये प्रति क्विंटल है। दो बीघा में हर चौथे दिन एक क्विंटल गेंदा का फूल तैयार कर लिया जाता है। पवन का कहना है कि फूलों की खेती करके अन्य फसलों की अपेक्षा अधिक लाभ कमाया जा सकता है।