फोटो-11-बलरामपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में मौजूद एसपी राजेश कुमार सक्सेना व अन्य।-?
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। त्योहार में अराजकता फैलाने वालाें के खिलाफ एसपी ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक में उन्होंने अफसरों को सतर्कता के साथ ही अराजक तत्वों पर नजर रखने और कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को सेंट्रल पीस कमेटी के बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि नेपाल से सीमा सटी होने के चलते बलरामपुर जिले में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखना कड़ी चुनौती है। सभी कोतवाली व थानों के प्रभारी निरीक्षकों को अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखनी होगी। पहले से ही ऐसे लोगों को पाबंद कर लें। बैठक में मौजूद सभी संभ्रांत व्यक्तियों से एसपी ने शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की। एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने कहा कि ईद को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी कोतवाली व थानों में पीस कमेटी की बैठकें कराई गई हैं। बैठक में स्थानीय समस्याओं का निराकरण करा लिया गया है। मस्जिद व ईदगाहों पर पर्याप्त पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी।
नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। सभी लोग आपस में मिल-जुलकर ईद मनाएं। बैठक में एडीएम राम अभिलाष ने सभी ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई व पेयजल व बिजली की समुचित व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर तुलसीपुर एसडीएम मंगलेश दुबे, उतरौला एसडीएम संतोष कुमार ओझा, सदर एसडीएम राजेंद्र बहादुर, सीओ सिटी वरुण मिश्र सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।