बलरामपुर। वार्डों की साफ-सफाई में लापरवाही मिलने पर नगर पालिका बलरामपुर के पांच सफाई नायकों को निलंबित कर दिया गया है। इनके स्थान पर कर्मचारियों को वार्डों में सफाई के लिए अस्थाई रूप से प्रभार सौंपा गया है। सभी सफाई नायकों को वार्डों में बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया गया है।
अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने मंगलवार को बताया कि बीते छह अगस्त को नगर के सभी वार्डों में साफ-सफाई का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान नहरबालागंज, बलुहा, गदुरहवा, नई बाजार व पुरैनिया तालाब उत्तरी वार्ड में जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा मिला। नालियां कूड़े से पटी हुई थीं। जिसके चलते बारिश का गंदा पानी संपर्क मार्गों पर फैला हुआ था। कार्यों में लापरवाही बरतने पर नहरबालागंज के कार्यवाहक सफाई नायक कृष्णा, बलुहा के सफाई नायक रामू, गदुरहवा के कार्यवाहक सफाई नायक अरविंद, पुरैनिया तालाब उत्तरी के सफाई नायक राकेश व नई बाजार के कार्यवाहक सफाई नायक माता प्रसाद को निलंबित किया गया है। इनके स्थान पर बलवंत सिंह, हासिम, नासिम, मनीष कुमार श्रीवास्तव और राधेश्याम यादव को अस्थाई सफाई नायक का प्रभार दिया गया है।