बलरामपुर। नगर पालिका परिषद की टीम ने बुधवार को स्वच्छ सर्वेक्षण व चार मार्च से शुरू हो रहे चालान अभियान के बारे में लोगों को जागरूक किया। साथ ही पालिका में बैठक कर कर्मियों को अभियान के तहत जिम्मेदारी सौंपी गई।
स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक आलोक भारती ने बताया कि चार मार्च से चालान अभियान शुरू किया जा रहा है। इसमें घर, होटल, निजी हॉस्पिटल, मैरिज हाॅल व अन्य प्रतिष्ठानों के आसपास गंदगी या कूड़े का ढेर मिलने पर संबंधित के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा।
बुधवार को पालिका की टीम ने दस्तक डोर-टू-डोर अभियान के तहत नगर पालिका वार्ड, अस्पताल वार्ड, सब्जी मंडी वार्ड एवं खलवा वार्ड में लोगों से संपर्क करके स्वच्छता के बारे में जागरूक किया और चालान अभियान की जानकारी दी। कहा कि सूखा व गीला कूड़ा अलग-अलग रखें। स्वच्छता में हर कोई सहयोग करे। पालिका की बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी आदर्श वर्मा ने कर्मियों को स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर तैयारी करने का निर्देश दिया।