फोटो-14-बलरामपुर के प्राथमिक विद्यालय नगर पालिका में केक काटकर मीना दिवस मनाते लोग।(संवाद)
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। स्कूलों में पढ़ने वाली बेटियों के जीवन को मीना की कहानियां संवारेंगी। कहानियां पढ़कर बेटियों में आगे बढ़ने का जज्बा आएगा। मीना की कहानी शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक दृष्टिकोण को बदलने में मील का पत्थर साबित हुई है।
यह बातें बीएसए डॉ. रामचंद्र ने बेसिक शिक्षा कार्यालय परिसर में केजीबीवी नगर में शुक्रवार को मीना कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मीना की कहानियां बेटियों के जीवन को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो रही है। सभी बेटियां मीना की कहानी पढ़कर अपने जीवन को संवारे। समग्र शिक्षा अभियान के तहत बालिकाओं की शिक्षा व सशक्तिकरण के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से ठोस प्रयास किए गए है। जिले के सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के साथ-साथ कंपोजिट और 11 केजीबीवी में मीना मंच का गठन किया गया है। जीवन कौशल शिक्षा व आत्मरक्षा प्रशिक्षण के कार्यक्रम चलाए जा रहे है। जिले के अति पिछड़े क्षेत्रों में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नारी चौपाल व अल्पसंख्यक समुदाय के साथ सम्मेलन किए गए है।
बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मीना मंच सशक्त माध्यम है इसीलिए हर वर्ष 24 सितंबर को मीना दिवस मनाया जाता है। नगर शिक्षाधिकारी डॉ. समय प्रकाश पाठक व डीसी बालिका शिक्षा ने केजीबीवी नगर व देहात में मीना व पावर एंजिल नामित बालिका के साथ केक काटकर मीना जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नगर कोतवाली की महिला आरक्षी अंजली वर्मा, शांति देवी व दया ने मीना कार्यक्रम के दौरान बेटियों को 1090, 1098, 112 व 181 आदि नंबरों के कार्य क्षमता से अवगत कराया। महिलाओं के उत्पीड़न के बारे में अपने विचार रखकर बेटियों को जागरूक किया। केजीबीवी देहात में दहेज प्रथा निषेध पर बेटियों ने शानदार नाटक प्रस्तुत किया। केजीबीवी नगर में बेटियों ने पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
नृत्य व अन्य कार्यक्रम भी कराए गए। चित्रकला, प्रश्नोत्तरी, नृत्य, निबंध व नाटक में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाली बेटियों को पुरस्कृत किया गया। मीना की दुनिया एपिसोड की 10 लघु फिल्में भी सभी स्कूलों में दिखाई गई। महिला एसआई ममता यादव ने लैंगिग भेदभाव, नंदिनी गुप्ता ने महिला स्वतंत्रता, अंकिता राव ने महिला खिलाड़ियों, डॉ. रुबी खान ने स्वच्छता पर प्रकाश डाला। कंपोजिट विद्यालय नगर पालिका जूयिनर हाईस्कूल में महिला आरक्षी सोनम अवस्थी व प्रीती शुक्ला ने बेटियों को कानून के बारे में जानकारी दी। एआरपी अरुण कुमार मिश्र ने मीना कार्यक्रम के बारे में बताया।