बलरामपुर। पुलिस लाइन सभागार में सोमवार को जिले के सभी सीओ व प्रभारी निरीक्षकों की बैठक करके अपराध पर अंकुश लगाने के संबंध में चर्चा की गई। एसपी ने अपराधियों पर कार्रवाई करने में कोई कोताही न बरतने का निर्देश दिया।
एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि शासन व पुलिस महानिदेशक की तरफ से अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। सभी कोतवाली व थानों के मालखाना रजिस्टर चेक करके लावारिस वाहनों के प्रकरणों को निस्तारित करने, साफ-सफाई, कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन व बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किया गया।
इस बीच चोरी, लूट व नकबजनी आदि घटनाओं पर रोकथाम और उनका शीघ्र खुलासा करने को कहा गया। कस्बों व ग्रामीण इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाने, बैंक व लेन-देन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने की जिम्मेदारी सौंपी गई। रोजाना ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को ब्रीफ करने और पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश भी दिया गया। लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, वांछित इनामी, जिला बदर व एनबीडब्ल्यू के खिलाफ अभियान चलाकर गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए गए।
एनएसए व गैंगस्टर में तत्काल कार्रवाई करने और प्रभावी पैरवी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। महिलाओं पर होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने, मिशन शक्ति अभियान को बेहतर ढंग से संचालित करने, जिला व कोतवाली स्तर पर गठित एंटी रोमियो टीमों को क्रियाशील बनाकर आम जनमानस में सुरक्षा की भावना को बढ़ाने पर बल दिया गया।
महिला व साइबर हेल्प डेस्क, शिकायती प्रार्थना पत्रों, लंबित जन शिकायतों, आईजीआरएस के जरिए की गईं शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से निस्तारण आदि की भी गहन समीक्षा की गई। आम जनता के साथ अच्छा बरताव करने का सुझाव दिया गया। बैठक में एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव, सीओ सिटी वरुण मिश्र, सीओ राधारमण सिंह व कुंवर प्रभात सिंह सहित सभी कोतवाली व थानों के प्रभारी निरीक्षक मौजूद रहे।