बलरामपुर। राज्य व केंद्रीय वित्त आयोग की धनराशि से जिले का समुचित विकास होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी को शुभकामना के साथ मिठाई भेजी है।
अपर मुख्य अधिकारी राजेश कुमार मालवीय ने मंगलवार को बताया कि उन्होंने नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष के घर जाकर सीएम का शुभकामना पत्र व मिठाई सौंपा है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने सीएम को धन्यवाद देते हुए जिला पंचायत से जिले का समुचित विकास कराने का आश्वासन दिया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष को भेजे गए पत्र में सीएम ने कहा है कि आप जनपद के प्रथम नागरिक चुने गए हैं। यह गौरव का विषय है। आपके कंधों पर एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आप अपनी संस्था व जिले में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए इन जिम्मेदारियों का पूर्ण सफलता के साथ निर्वहन करेंगे। प्रदेश की जिला पंचायतों को राज्य वित्त एवं केंद्रीय वित्त आयोग से 2500 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।
इस धनराशि से जहां एक ओर ग्रामीण क्षेत्र के अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जाना चाहिए वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए स्वच्छता, पेयजल व स्ट्रीट लाइट आदि की उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। पिछले एक वर्ष से जिला पंचायतें हॉट मिक्स प्रणाली से अच्छी गुणवत्ता की सड़कें बनाने का कार्य कर रही है।
मुझे उम्मीद है कि आप इन अच्छे प्रयासों को आगे बढ़ाएंगे। जिला पंचायत एक स्वायत्तशासी संस्था है लेकिन पूर्ण स्वायत्तता के लिए आर्थिक दृष्टि से स्वावलंबी होना आवश्यक है। जिला पंचायतों के स्वयं स्रोतों से आय में वृद्धि के लिए समुचित प्रयास करना चाहिए।
सफल व उत्कृष्ट कार्यकाल के लिए सीएम ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष को शुभकामना दी है। बलरामपुर जिले में देश की सबसे कम उम्र की जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव है। इसके लिए अध्यक्ष ने सीएम को धन्यवाद ज्ञापति किया है।