बलरामपुर। शारदीय नवरात्रि के पांचवें दिन मंदिर तथा पूजा पंडालों में श्रद्धालु उमड़ पड़े। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में भोर से लेकर देर रात तक मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना के साथ ही मुंडन, कर्ण छेदन व जनेऊ संस्कार के लिए काफी भीड़ रही।
नगर में 70 स्थानों सहित जिले में 1322 स्थानों पर पूजा पंडाल सजे हैं। जिसमें सुबह-शाम मां भगवती के विभिन्न रूपों की पूजा अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ जुट रही है। भक्त मां का दर्शन करने के साथ ही आरती में भी भाग ले रहे हैं।
शुक्रवार को शारदीय नवरात्र की पंचमी तिथि को शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के साथ ही बिजलीपुर स्थित बिजलेश्वरी देवी मंदिर, तुलसीपुर स्थित नवोदेवी मंदिर, उतरौला स्थित ज्वाला देवी मंदिर, पेहर बाजार स्थित मां दुर्गा मंदिर, महुआ इब्राहिम स्थित करिया दुर्गा मंदिर, सोहेलवा जंगल स्थित रहिया देवी मंदिर एवं नगर स्थित झारखंडी मंदिर, समय माता मंदिर, बड़िकी बहिनी मंदिर तथा कालीथान आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधिविधान के साथ मां दुर्गा की पूजा अर्चना करके सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।