1066 बूथों पर नौनिहालों ने पी पोलियो की खुराक
-4.30 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का टारगेट
-अरबन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खलवा में डीएम ने किया अभियान का शुभारंभ
बलरामपुर। पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत जिले में 1066 बूथों पर जीरो से पांच वर्ष तक के बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई गई। अभियान के पहले दिन पोलियो बूथों पर करीब डेढ़ लाख बच्चों को खुराक पिलाई गई। डीएम, सीएमओ व अन्य चिकित्साधिकारियों ने बूथों का निरीक्षण करते हुए बूथ कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
डीएम राकेश कुमार मिश्र ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खलवा में रोटरी क्लब द्वारा लगाए गए बूथ पर नवजात शिशुओं को पोलियो खुराक पिलाकर पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डॉ. प्रांजल त्रिपाठी, डॉ. अजय श्रीवास्तव, अमरजीत सिंह बिट्टू, डॉ. वाईपी गुप्ता व राजेंद्र कृष्ण श्रीवास्तव सहित रोटरी क्लब के तमाम सदस्य मौजूद रहे। इसके बाद डीएम ने शहर के रामलीला मैदान, प्राथमिक विद्यालय खलवा व बड़ी इमली सहित कई बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि जीरो से पांच वर्ष तक के अपने सभी बच्चों को बूथ पर लाकर पोलिया ड्राप अवश्य पिलाएं। इसी तरह सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने महिला अस्पताल में 11 नवजात शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलाई।
डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिया कि जिले में बंद पड़े 206 सब सेंटरों को खुलवाया जाए। सीएमओ ने बताया कि पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत चार लाख 30 हजार बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के लिए जिले में 1066 बूथ लगाए गए है। बूथ दिवस के दिन जो बच्चे पोलियो खुराक पीने से छूटेंगे उन्हें डोर-टू-डोर टीमों द्वारा घर-घर जाकर खुराक पिलाई जाएगी। पोलियो खुराक पिलाने के लिए 628 डोर-टू-डोर टीमें गठित की गई है। 208 सुपरवाइजर, 53 ट्रांजिट टीमें व 15 मोबाइल टीमें अभियान की निगरानी करेंगी और शनिवार तक शेष सभी बच्चों को पोलियो खुराक पिलाना सुनिश्चित करेंगी। बूथ-डे रविवार को अपर सीएमओ डॉ. जयंत कुमार व पोलियो के नोडल अधिकारी डा. एके सिंघल आदि ने भी बूथों का निरीक्षण कर बूथ कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।