बलरामपुर। टीकाकरण की गति को तेज करने के लिए शुक्रवार को जिले में मेगा कैंप का आयोजन किया गया। बाढ़ व बारिश से प्रभावित होने के बावजूद मेगा कैंप में 27 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। बलरामपुर ग्रामीण व गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक ने टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर को रोकने के लिए अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी प्रयास के तहत शुक्रवार को जिले में मेगा कैंप का आयोजन किया गया।
जिले के तीनों जिला अस्पताल व 9 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि मेगा कैंप में 36 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था।
बाढ़ व बारिश के चलते मेगा कैंप कुछ हद तक प्रभावित हुआ है। बारिश व बाढ़ के चलते लक्ष्य के सापेक्ष केवल 27 हजार लोगों को ही कोरोना का टीका लगाया जा सका है। बलरामपुर ग्रामीण क्षेत्र में 4500 तथा गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक में 2500 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जो शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में सात लाख 91 हजार लोगों का टीकाकरण हो चुका है।