बलरामपुर। जिला मेमोरियल चिकित्सालय में वैक्सीन लगवाने के नाम पर अवैध वसूली होने का मामला प्रकाश में आया है। वैक्सीन लगवाने में अवैध वसूली का ऑडियो वायरल हुआ है। अस्पताल के पास स्थित एक ठेले वाला जल्दी वैक्सीन लगवाने के नाम पर लोगों से वसूली कर रहा है। सीएमएस ने प्रकरण की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
कोरोना की दूसरी लहर में स्थिति बिगड़ने तथा तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए लोगों में डर समाया हुआ है। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लगातार जागरुकता कार्यक्रम चलने से भी लोग अस्पतालों में टीका लगवाने के लिए लाइन लगाने लगे हैं। अस्पतालों में टीका लगवाने वालों की काफी भीड़ लग रही है। जिला मेमोरियल चिकित्सालय में हर दिन टीकाकरण के लिए लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। टीकाकरण के लिए जुट रही भीड़ को देखते हुए कुछ लोग अवसर का लाभ तलाशने लगे है।
अस्पताल में टीका लगवाने के लिए नौ अगस्त को पहुंचे अमरलाल, विवेक, मित्रसेन, जीवनलाल, संजीव कुमार व राजाराम आदि ने बताया कि भीड़ में पहले वैक्सीन लगाने के नाम पर 50 से 200 रुपये तक वसूला जा रहा है। अस्पताल गेट के पास चाय का ठेला लगाने वाला एक व्यक्ति लोगों से रुपये वसूलता है। वह टीकाकरण में लगे कर्मचारियों के साथ सांठगांठ करके जिन लोगों से पैैसा वसूलता है, उनका टीकाकरण तुरंत करवा देता है। लाइन में लगे तमाम लोगों को घंटों इंतजार के बाद निराश होकर लौटना पड़ता है। टीकाकरण के नाम पर अवैध वसूली के संबंध में एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। वायरल हुए ऑडियो में ठेले वाले के खिलाफ टीका लगवाने के नाम पर पैसा लिए जाने की शिकायत की गई है।
जांच कर दोषियों के खिलाफ की जाएगी कठोर कार्रवाई
- जिला मेमोरियल अस्पताल में नियमित टीकाकरण का कार्य चल रहा है। यहां प्रत्येक दिन टीका लगवाने के लिए भारी भीड़ जुट रही है। टीका लगाने के नाम पर पैसा लिए जाने की शिकायत किसी ने नहीं की है। शिकायत मिली तो जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डॉ. प्रवीण कुमार, सीएमएस संयुक्त जिला चिकित्सालय