बलरामपुर। कलेक्ट्रेट परिसर के चार कमरों में नामांकन पत्र भरे जाएंगे। निर्धारित कमरों से नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। चार फरवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारियां की जा रही हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जाएंगे। भीड़ न जुटे इसके लिए बैैरिकेडिंग कराई जाएगी। जिले चार विधानसभा क्षेत्रों में छठवें चरण के दौरान तीन मार्च को 1857 पोलिंग बूथों पर मतदान कराया जाएगा। वहीं, 10 मार्च को मंडी समिति परिसर में मतों की काउंटिंग कराई जाएगी।
बुधवार को डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रुति ने बताया कि निर्वाचन आयोग की तरफ से विधानसभा चुनाव 2022 की घोषणा की जा चुकी है। कार्यक्रम के अनुसार जिले में चार फरवरी को अधिसूचना जारी कर नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। रिटर्निंग आफीसरों की तरफ से विधानसभावार नामांकन पत्रों को दाखिल कराए जाएंगे। विधानसभा क्षेत्र 291-तुलसीपुर के दावेदारों को न्यायालय बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कलेक्ट्रेट कक्ष संख्या-41 में नामांकन पत्रों की खरीद व दाखिले के लिए तैयार कराया जा रहा है। न्यायालय अपर उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट कक्ष संख्या-36 में विधानसभा क्षेत्र 292-गैसड़ी, न्यायालय अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) कलेक्ट्रेट कक्ष संख्या-35 में विधानसभा क्षेत्र 293-उतरौला और न्यायालय अपर जिला मजिस्ट्रेट कलेक्ट्रेट कक्ष संख्या-30 में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित विधानसभा 294-बलरामपुर के दावेदारों को नामांकन पत्रों की खरीदारी करने के साथ पर्चा दाखिला भी करना होगा।
डीएम ने एसपी हेमंत कुटियाल से वार्ता करके कलेक्ट्रेट में पर्याप्त पुलिस फोर्स की तैनाती करने और अन्य अफसरों व कर्मियों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कराने का सुझाव दिया है।