बलरामपुर। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिवानगर के मजरे चैयपुरवा गांव के पास बौद्ध परिपथ पर खड़ी बल्ली-पटरा लदी ट्रैक्टर ट्राली से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक करवाचौथ मनाने अपने ससुराल जा रहा था। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के लालाडीह गांव निवासी धर्मेंद्र (35) रविवार की शाम अपने गांव से करवाचौथ पर्व के लिए अपने ससुराल थाना महराजगंज तराई क्षेत्र के नेबुवरिया गांव जा रहा था। चैयपुरवा गांव के पास बौद्ध परिपथ पर खराब होने के कारण बल्ली-पटरा लदी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी थी। अनियंत्रित होने के कारण धर्मेंद्र की बाइक सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से टकरा गई। घटनास्थल पर ही धर्मेंद्र की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक महराजगंज तराई गिरजेश तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
पति की लंबी आयु के लिए धर्मेंद्र की पत्नी सीमा ने करवाचौथ का व्रत रखा था। सीमा के बुलावे पर धर्मेंद्र ससुराल जा रहा था। पति के मौत की सूचना मिलते ही सीमा बदहवास हो उठी। रो-रोकर वह यही कह रही थी कि किस घड़ी में पति को बुलाया था। मृतक के बेटे रामबाबू, श्याम बाबू व बेटी निधि भी रो-रोकर बेहाल थी।