बलरामपुर। राजस्व वसूली, कर-करेत्तर व वादों के निस्तारण के प्रगति की शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में डीएम ने अधिकारियों के साथ समीक्षा की। राजस्व वसूली में ढिलाई बरतने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। राजस्व वादों का निस्तारण कराने का निर्देश दिया गया।
डीएम श्रुति ने कहा कि वाणिज्य कर, आबकारी, परिवहन, बिजली, विधिक माप, खनन, बैंक व नगर पालिका और नगर पंचायतों में राजस्व वसूली में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली करें अन्यथा संबंधित जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा। सहायक आयुक्त स्टांप, जिला आबकारी अधिकारी व एआरटीओ को प्रवर्तन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। एसडीएम व तहसीलदार कोर्ट में लंबित वादों का निस्तारण कराने का निर्देश देने के साथ-साथ समीक्षा की गई। बड़े बकायेदारों के खिलाफ वसूली की कार्रवाई करने, जल जीवन मिशन के तहत भूमि आवंटन करने, अतिक्रमण हटाने और आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा की गई।
बैठक में एडीएम राम अभिलाष, अपर एसडीएम ज्योति गौतम, तुलसीपुर एसडीएम मंगलेश दूबे, उतरौला एसडीएम संतोष कुमार ओझा, सदर एसडीएम राजेंद्र बहादुर, एआरटीओ अरविंद कुमार यादव, जिला आबकारी अधिकारी राजेश त्रिपाठी व सहायक कमिश्नर जीएसटी इम्तियाज सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।