बैंक में जुट रही भीड़, टोकन व्यवस्था होने के बाद भी निराश लौट रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। नगर स्थित इंडियन इलाहाबाद बैंक में एक सप्ताह से नेटवर्क की समस्या से आधार कार्ड संशोधन का काम बंद है। बैंक में आधार कार्ड संशोधन के लिए आए लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
जिले में जब से राशन कार्डधारकों का ई केवाईसी शुरू हुआ है, तब से आधार कार्ड सेंटरों पर लोगों की भीड़ जुट रही है। भीड़ अधिक जुटने से टोकन की व्यवस्था शुरू हुई, लेकिन इसके बाद भी समस्या जब की तस बनी हुई है। नगर के इंडियन इलाहाबाद बैंक में पिछले मंगलवार से नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। ऐसे में आधार कार्ड संशोधन व नया कार्ड नहीं बन पा रहा है। लोगों की दुश्वारियां बढ़ती जा रही हैं।
डाकघर में 30 नवंबर तक का मिला टोकन
आधार कार्ड संशोधन कराने वालों की भीड़ इतनी है कि प्रधान डाकघर में 30 नवंबर तक वेटिंग के लिए टोकन दिया जा चुका है। डाकघर में आधार कार्ड का संशोधन कराने आए लोगों को जब 30 नवंबर तक इंतजार करने का टोकन दिया गया वह लोग निराश हो गए। इसी तरह बैंक ऑफ इंडिया में आठ अक्तूबर तक वेटिंग के लिए टोकन बांटे जा चुके हैं। भीड़ ज्यादा न बढ़े, इसके लिए अब बैंक ऑफ इंडिया में टोकन बांटना ही बंद कर दिया गया है।
भटक रहे लोग, अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
नगर के वीर विनय चौराहा स्थित प्रधान डाकघर में जुआथान से आए नजीर व रामपुर बनघुसरा से आए लालजी ने बताया कि आधार कार्ड का संशोधन कराने आए थे। यहां 30 नवंबर का टोकन दिया गया है। कई दिनों से आधार कार्ड संशोधन के लिए तेज धूप में दौड़ रहे हैं। अधिकारियों को आधार कार्ड सेंटरों पर काउंटरों की संख्या बढ़ानी चाहिए। वहीं सेखा गांव की संगीता व गणेशपुर के चैतू वर्मा ने बताया कि अगर आधार कार्ड में संशोधन नहीं हुआ तो उन लोगों का राशन कट जाएगा। इसलिए बहुत परेशान हैं।
विभाग को दी गई है सूचना
आधार कार्ड बनाने वाली संस्था को नेटवर्क में दिक्कत की सूचना दे दी गई है। जल्द ही समस्या को दूर कराकर आधार कार्ड का काम शुरू करा दिया जाएगा।
-अमित कुमार, एलडीएम बलरामपुर