बलरामपुर। एनडीए सरकार ने तीसरे कार्यकाल का पहला बजट मंगलवार को पेश किया। मुफ्त राशन योजना का दायरा पांच साल तक और बढ़ाए जाने से जिले के करीब 3.50 लाख राशन कार्डधारकों का इसका लाभ मिलेगा। फसलों का डिजिटल सर्वे होने से जिले के करीब 3 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। मुद्रा लोन की सीमा 20 लाख किए जाने से छोटे व युवा उद्यमियों को स्वरोजगार करने में सहूलियत मिलेगी। जिलेभर में आम बजट को लेकर मिली जुली प्रतिक्रिया रही है। व्यापारियों ने बजट को बेहतर बताया तो महिलाओं ने इसे सराहा है।
बजट से उद्योग का होगा विकास
केंद्रीय बजट में विनिर्माण क्षेत्र में पूंजी निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 100 करोड़ तक के कवर के साथ एमएसएमई के लिए ऋण गारंटी योजना उद्यमियों के लिए काफी लाभदायक होगा। ऋण चुकाने वाले उद्यमियों के लिए मुद्रा ऋण की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपए कर दी गई है, इससे छोटे उद्यमियों को स्वरोजगार में सहायता मिलेगी। एमएसएमई और पारंपरिक कारीगरों की अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ई कॉमर्स निर्यात प्रस्ताव से जिले के कारोबारियों को लाभ मिलेगा।
अखंड प्रताप सिंह, उद्यमी
कर्मचारियों के हित में है बजट
केेंद्रीय आम बजट में नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) में कर्मचारियों के लिए कंट्रीब्यूशन पर डिडक्शन को बढ़ाने का एलान किया गया है। डिडक्शन को कर्मचारियों के मूल वेतन के 10 फीसदी से बढ़ाकर 14 फीसदी कर दिया गया है। इससे पब्लिक और प्राइवेट दोनों सेक्टर के कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। टैक्स स्लैब में बदलाव न होने से निराशा हुई है। फिलहाल केंद्रीय आम बजट विकसित भारत के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
अरविंद मिश्रा, कर्मचारी
महिलाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
वित्त मंत्री ने महिलाओं और लड़कियों को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं के लिए 3 लाख करोड़ रुपए का एलान किया। कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास स्थापित की जाएगी। लखपति दीदी का लक्ष्य दो करोड़ से बढ़ाकर तीन करोड़ कर दिया गया है। स्किल डेवलेपमेेंट कर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की बात कही गई है। केंद्र सरकार के इस बजट से महिलाओं को काफी लाभ मिलेगा।
मीरा सिंह, महिला
बेहतर है बजट
- यह बजट व्यापारियों के लिए बेहतर है। इस पर सरकार की सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने कई बड़े बदलाव किए हैं। इस बजट से आम आदमी को भी लाभ पहुंचेगा।
पंकज सिंधी, व्यापारी
युवाओं का भविष्य होगा बेहतर केंद्रीय बजट में 500 बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप को बढ़ावा देने की बात कही गई है। सरकार की इंटर्नशिप योजना से जिले के करीब एक लाख युवाओं को फायदा होगा। साथ ही हर महीने 5 हजार रुपये का इंटर्नशिप भत्ता भी दिया जाएगा। इसके साथ ही जो युवा अपनी इंटर्नशिप पूरी कर लेते हैं उन्हें अलग से 6 हजार रुपये भी दिए जाएंगे। लकी गुप्ता, युवा