बलरामपुर। कोरोना महामारी के चलते यूपी बोर्ड परीक्षा के 29 हजार परीक्षार्थियों का रिजल्ट सरकार के फार्मूले पर तया किया गया है। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों का तय फार्मूले पर शनिवार को प्रयागराज की तरफ से रिजल्ट घोषित कर दिया गया है।
हाईस्कूल में 50-50 और इंटरमीडिएट में 50-40-10 के फार्मूले पर रिजल्ट तैयार किया गया है। रिजल्ट घोषित होने पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों ने खुशी जताई और कहा कि अब उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश लेने में आसानी होगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 में जिले के हाईस्कूल में 17,134 और इंटरमीडिएट में 11,718 परीक्षार्थियों को कोरोना महामारी के दौर में सरकार के तय फार्मूले से पास होने का मौका मिल गया है।
कोरोना महामारी के चलते हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की यूपी बोर्ड परीक्षा नहीं कराई जा सकी है। डीआईओएस गोविंद राम ने बताया कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के सभी परीक्षार्थी अगली कक्षा के लिए प्रोन्नति कर दिए गए है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध ब्यौरे के आधार पर परीक्षार्थियों का रिजल्ट तैयार किया गया है।
कक्षा 9 की वार्षिक परीक्षा, कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा के आंतरिक मूल्यांकन, कक्षा 11 की वार्षिक व अर्द्धवार्षिक परीक्षा, कक्षा 12 की बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा और कक्षा 10 व 12 के प्री-बोर्ड परीक्षा के अंकों के आधार पर रिजल्ट तैयार किया गया है।
कक्षा 10 व 12 के बोर्ड परीक्षा के अंक निर्धारण का फार्मूले के आधार पर जिले में हाईस्कूल 17,134 और इंटरमीडिएट के 11,718 परीक्षार्थी पास हुए है। रिजल्ट घोषित होते ही परीक्षार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
प्रधानाचार्य कैप्टन जीपी तिवारी, केपी यादव, एचपी वर्मा व केके सरोज आदि ने परीक्षार्थियों के प्रोन्नति होने पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची जारी नहीं की गई है। जो भी परीक्षार्थी एक या एक से अधिक विषयों में अंक सुधार के लिए परीक्षा देना चाहेंगे उन्हें आगामी बोर्ड परीक्षा में बिना शुल्क दिए मौका मिलेगा।