बलरामपुर। जिले के 2.83 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त मिलेगी। सम्मान निधि पाने वाले किसानों की सूची उप कृषि निदेशक ने शासन को भेज दी है। चालू वित्तीय वर्ष की पहली किस्त 25 अप्रैल को किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। शासन ने सभी किसानों के लिए 11वीं किस्त में ई-केवाईसी कराने की छूट प्रदान कर दी है। इससे पहले 11वीं किस्त में शासन ने ये फरमान जारी किया था कि बिना ई-केवाईसी वाले किसानों को सम्मान निधि नहीं दी जाएगी। सम्मान निधि के 1,696 लाभार्थी आयकरदाता पाए गए थे, ऐसे में इन्हें योजना के लाभार्थियों की सूची से हटा दिया गया है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 11वीं किस्त का भुगतान करने के लिए 25 अप्रैल की तिथि निर्धारित की गई है, जो वित्तीय वर्ष 2022-23 की पहली किस्त होगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पोर्टल पर जिले के 2,82,891 किसानों का स्वीकृत डाटा अपलोड है। उप कृषि निदेशक डॉ. प्रभाकर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पोर्टल पर अपलोड डाटा के सापेक्ष शासन ने 2,58,000 किसानों को 11वीं किस्त का भुगतान करने के लिए हरी झंडी प्रदान कर दी है।
शासन से दो सूची अभी और जारी की जाएंगी जिसमें स्वीकृति के सापेक्ष बचे किसानों को भी शामिल किया जाएगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पोर्टल पर सभी किसानों के बैंक खातों में 25 अप्रैल को दो-दो हजार रुपये की धनराशि भेजी जाएगी। किसानों का डाटा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पोर्टल पर दुरुस्त कराने के लिए करीब 75 कर्मचारियों को लगाया गया था।
सभी कर्मचारियों को ई-केवाईसी कराने की भी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। शासन ने किसानों को 11वीं किस्त का भुगतान करने के लिए ई-केवाईसी से छूट प्रदान कर दी है तभी किसानों की सूची फाइनल की गई है। जांच के दौरान आयकरदाता की श्रेणी में आने वाले 1,696 किसानों का डाटा पोर्टल से हटाकर संबंधित बैंकों को रिकवरी कराने के लिए नोटिस भेजा गया है। योजना का लाभ लेने वाले आयकरदाता श्रेणी किसानों से बैंक रिकवरी कराएगा और प्रधानमंत्री पोर्टल पर रिकवरी की धनराशि ऑनलाइन वापस की जाएगी।