बलरामपुर। यूपी बोर्ड की दोनों पालियों में सोमवार को पंजीकृत 18,295 की तुलना में 16,928 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। दोनों पालियों में 1367 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में हाईस्कूल की चित्रकला व इंटरमीडिएट की भूगोल विषय की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में हाईस्कूल के कंप्यूटर व इंटरमीडिएट के गृह विज्ञान, व्यवसाय संगठन व व्यवसाय अध्ययन की परीक्षा हुई। नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा कराने के लिए सचल दस्तों ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।
डीआईओएस गोविंद राम ने बताया कि उन्होंने उतरौला तहसील क्षेत्र के कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर जायजा लिया और बाह्य व आंतरिक केंद्र व्यवस्थापकों को नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से यूपी बोर्ड परीक्षा कराने का सख्त निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त बीएसए डॉ. रामचंद्र व प्रधानाध्यापक डॉ. चंदन पांडेय सहित सभी छह सचल दस्तों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
सोमवार को प्रथम पाली के दौरान हाईस्कूल में चित्रकला व इंटरमीडिएट में भूगोल विषय की परीक्षा कराई गई। चित्रकला विषय में 14,237 की तुलना में 13,157 व भूगोल विषय में 1949 की तुलना में 1787 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। चित्रकला में 1080 और भूगोल में 162 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ी है।
दूसरी पाली में हाईस्कूल की कंप्यूटर व इंटरमीडिएट में गृह विज्ञान, व्यवसाय संगठन व व्यवसाय अध्ययन के विषयों की परीक्षाएं कराई गईं। दूसरी पाली के दौरान हाईस्कूल में 136 की तुलना में 131 और इंटरमीडिएट में 1973 की तुलना में 1853 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में हाईस्कूल में पांच और इंटरमीडिएट में 120 परीक्षार्थियों ने यूपी बोर्ड परीक्षा छोड़ दी है।