भर्ती की तैयारी में दौड़ रहे युवक की सड़क किनारे गड्ढे में लगे पानी में गिर जाने से डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शिवपुर दतिवढ़ के महुई डेरा निवासी राकेश राजभर (23) पुत्र राजेंद्र राजभर सेना में भर्ती की तैयारी करता था। मंगलवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे अपने साथियों के साथ ग्राम सभा अपायल के पहलवान बाबा के स्थान से दौड़ रहा था। इसी बीच उसको चक्कर आ गया और सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में गिर गया। युवक के साथ में दौड़ रहे साथी अपनी दौड़ पूरी कर जब वापस लौटे तो देखा कि राकेश सड़क के किनारे गड्ढे में गिर गया है। उसे साथियों ने बाहर निकाला और इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। आनन-फानन में परिजनों द्वारा निजी वाहन से उसको जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मृतक के पिता राजेंद्र ने थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया।