नगरा थाना क्षेत्र के कोठिया चट्टी के समीप रविवार को तेज रफ्तार डीसीएम के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। वहीं डीसीएम को थाने ले आई।
जानकारी के अनुसार मनियर कस्बा निवासी गुड्डू पासवान (35) पुत्र राम बचन की शादी नगरा थाना क्षेत्र के इंद्रौली मलकौली में हुई है। वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ ससुराल में ही रहता था। गुड्डू बाइक से नगरा आया था और वापस इंद्रौली मलकौली जा रहा था। जैसे ही वह नगर-बेल्थरा रोड मार्ग पर कोठिया चट्टी के समीप ही पहुंचा कि बेल्थरारोड की तरफ से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में धक्का मार दिया। जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वही बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी।