बलिया। 23 जनवरी को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा के प्रश्न पत्रों के पैकेट खोलते समय उसकी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों के अंदर कोई भी अफसर, कर्मचारी, कक्ष निरीक्षक और अभ्यर्थी मोबाइल फोन नहीं ले जा सकेगा।
केवल केंद्र व्यवस्थापक और मजिस्ट्रेट को की-पैड वाले बगैर कैमरे का फोन ले जाने की अनुमति होगी। राज्यस्तरीय नियंत्रण कक्ष से परीक्षा केंद्रों की निगरानी होगी। उत्तर प्रदेश बेसिक एजुकेशन बोर्ड द्वारा प्रदेश भर में 23 जनवरी को शिक्षक पात्रता परीक्षा कराएगा। पिछले वर्ष 28 नवंबर को शिक्षक पात्रता परीक्षा कराई प्रश्नपत्र लीक हो जाने के कारण रद्द कर दी गई थी।
----
परीक्षा की निगरानी के लिए बनाई गई जिला स्तरीय समिति
बलिया। परीक्षा को सकुशल कराने के लिए जिला स्तरीय समिति बनाई गई है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित समिति में पुलिस अधीक्षक, प्राचार्य जिला एवं प्रशिक्षण संस्थान, बेसिक शिक्षा अधिकारी सदस्य व जिला विद्यालय निरीक्षक सदस्य सचिव होंगे। परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 गज की परिधि में धारा 144 लागू रहेगी। वहां परीक्षा से संबंधित लोगों को छोड़कर किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हर केंद्र के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की वीडियो रिकार्डिंग होगी। परीक्षा केंद्रों के उन कक्षों की भी निगरानी कराई जाएगी जो बंद पड़े हैं।
----
अभ्यर्थी और कक्ष निरीक्षक नहीं ले जा सकेंगे कोई सामग्री
बलिया। परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के साथ कक्ष निरीक्षक व अन्य कर्मचारी को मोबाइल, नोटबुक व यांत्रिक सामग्री नहीं ले जा सकेंगे। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक, नामित पर्यवेक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट को भी कैमरा युक्त मोबाइल फोन के साथ जाने की अनुमति नहीं है। ये अफसर सामान्य की-पैड वाला बिना कैमरे का मोबाइल ले जा सकते हैं। प्रश्नपत्र कोषागार में परीक्षा के पहले रखवाए जाएंगे। कोषागार से प्रथम व द्वितीय पाली की परीक्षा के प्रश्नपत्र ही तय समय पर भेजें जाएंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, दो कक्ष निरीक्षक व पर्यवेक्षक के सामने प्रश्न पत्र खुलवाएंगे। इसकी वीडियो रिकार्डिंग अनिवार्य रूप से कराई जाएगी।
----
फैक्ट फाइल
जिलेभर में 42 परीक्षा केंद्रों पर 41659 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से होगी।
प्राथमिक स्तर पर 25584 और उच्च प्राथमिक स्तर पर 16075 अभ्यर्थी हैं पंजीकृत।
-----
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए शासन की ओर से आई गाइडलाइन का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। 23 जनवरी को होने वाली परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है।
-डॉ.ब्रजेश मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक, बलिया।
---